सीतामढ़ी। पावन कुंभ शुरू होने से पूर्व रविवार को गंगा प्रेमियों ने सीतामढ़ी गंगा घाट पर हांथ में गंगा जल लेकर मां गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस दौरान कुंभ शुरू होने के पूर्व गंगा की निर्मलता को बनाए रखने के लिए घाट के आस-पास की सफाई की गई। उधर मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर गंगा घाटों की साफ सफाई के साथ अन्य तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मकर संक्रांति को भारी संख्या में श्रद्वालू गंगा स्नान के साथ दर्शन पूजन को पहुंचते हैं। मंगलवार को लगने वाली भीड़ की सुरक्षा व्यवस्था के लिए रविवार को सीतामढ़ी चौकी इंचार्ज ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया। वहीं स्नान के दौरान कोई हादसा न हो इसके लिए नाविकों और मांझियों को बचाव कार्य के लिए जरूरी निर्देश दिया गया।