भदोही। चेहल्लुम का पर्व मंगलवार को नगर में अकीदत और एहतेराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न मोहल्लों से ताजिये के जुलूस निकाले गए। इस दौरान या हसन-या हुसैन की सदाओं के साथ जमकर ढोल तासे पीटे गए। लगभग 100 की संख्या में छोटे बड़े ताजिये गोलामंडी कर्बला में शाम ले जाकर ठंडे किए गए। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के इंतजाम कराए गए थे। मोहर्रम के चालीसवें दिन चेहल्लुम मनाया जाता है। चेहल्लुम के दिन का आयोजन मोहर्रम से थोड़ा भिन्न होता है। चेहल्लुम में भारी संख्या में बच्चे छोटे-छोटे ताजियों के साथ शिरकत करते हैं। मंगलवार को अपराह्न बजे तक सभी ताजिए तकिया कल्लन शाह पर पहुंच गए। वहां से ताजिये मेनरोड, अजिमुल्लाह चौराहे, भरत पैलेस चौराहे होते हुए गोलामंडी स्थित कर्बला पहुंच कर एक एक ठंडा किया गया। कोतवाल नवीन कुमार तिवारी के अनुसार शाम छह बजे तक सभी ताजियों को ठंडा किया जा चुका था। इस दौरान मेनरोड पर अकीदमंदों की भारी भीड़ जमा रही। जुलूस में शामिल लोग या हुसैन की सदाएं देते बढ़ रहे थे। जुलूस के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। जुलूस के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डा.संजय कुमार के अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार पांडेय के अलावा एसडीएम यमुनाधर चौहान भी लगे रहे। संवेदनशील स्थानों पर फोर्स तैनात रही। उधर चेहल्लुम के मद्देनजर मुस्लिम बहुल मोहल्लों में सुबह से ही गहमा गहमी रही। इमाम चौकों पर ताजिए रखकर फातेहा का दौर चला।