ज्ञानपुर। पुरानी कलेक्ट्रेट को आने वाले दिनों में जलजमाव से राहत मिलेगी। जलनिकासी के लिए पौने सात लाख की लागत से 200 मीटर नाली निर्माण का कार्य रविवार से शुरू हो गया। इससे दुकानदारों संग आम राहगीरों को काफी सहूलियत मिलेगी। ज्ञानपुर नगर के शीतल पाल से बालीपुर मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। पूर्व में बनी नाली ध्वस्त होने से बारिश के दिनों में पुरानी कलेक्ट्रेट संग आसपास कई दिनों तक दूषित पानी भरा रहता है। इससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में नाली निर्माण को स्वीकृति मिली और रविवार से निर्माण कार्य शुरू हो गया। जेसीबी से नाली निर्माण के लिए मिट्टी हटाने का कार्य शुरू हो गया। अधिशासी अधिकारी राजेंद्र दूबे ने कहा कि सत्य नारायण हलवाई की दुकान से नई तहसील के उपकेंद्र के पास तक 200 मीटर नाली का निर्माण होगा। इससे पुरानी कलेक्ट्रेट और गेस्ट हाउस, बालीपुर के कुछ हिस्सों में होने वाला जलजमाव समाप्त हो जाएगा। छह लाख 74 हजार की लागत से नाली का निर्माण होगा। वहीं बालीपुर की सभासद श्रीदेवी और विजय बिंद ने कहा कि नाली निर्माण से काफी सहूलियत मिलेगी।