ज्ञानपुर। पिछड़े वर्ग की गरीब बेटियों के लिए खुशखबरी है। शादी अनुदान योजना में 39 लाख रुपये शासन से आवंटित हो गया है। 195 पात्रों को योजना के तहत 20-20 हजार रुपये खाते में भेजा जाएगा। इसमें मार्च 2022 के बाद शादी करने वाले लाभार्थियों का ही चयन होगा। बजट के अभाव में 2021 में 179 को लाभ नहीं मिल सका। गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के लिए वैसे तो सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लागू किया है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग लोकलाज के कारण सामूहिक विवाह में शामिल नहीं होते। ऐसे लोगों को शादी अनुदान के माध्यम से सहायता दी जाती है। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों के लिए 39 लाख आवंटित हुआ है। मार्च 2022 के बाद होने वाली शादियों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के साथ ही हार्डकापी विभाग में जमा की जाती है। एक वित्तीय वर्ष में जितना बजट आ जाता है उसी के आधार पर चयन होता है। शादी से पूर्व या शादी के एक माह बाद आवेदन करने की छूट होती है। उन्होंने बताया कि नए वित्तीय वर्ष में 195 शादियों के लिए 20-20 हजार की दर से 39 लाख रुपये मिले हैं।