ज्ञानपुर। इलाहाबाद में अधिवक्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव की दिनदहाड़े हुई हत्या के विरोध में शुक्रवार को जिले के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। इस दौरान सुबह बड़ी संख्या में अधिवक्ता न्यायालय परिसर से जुलूस निकालकर सीजेएम कोर्ट तक भ्रमण किए। जुलूस में शामिल अधिवक्ता पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, राजेश के हत्यारों को गिरफ्तार करो-गिरफ्तार करो के नारे लगा रहे थे। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष अश्वनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में जुलूस दीवानी न्यायालय से शुरू होकर सीजेएम न्यायालय परिसर में समाप्त हुआ। न्यायिक कार्य ठप होने से दूरदराज से आए वादकारियों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। परिसर में आयोजित सभा में अधिवक्ताओं ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर के जरिए अपराध रोकने में जुटी यूपी पुलिस का दावा हवा-हवाई साबित हो रहा है। एक के बाद एक हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। कहा कि गरीब व्यक्ति को न्याय दिलाने वाले अधिवक्ता भी असुरक्षित हो गए हैं। इलाहाबाद में अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की बदमाशों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराधी आराम से भाग निकले और पुलिस देखती ही रह गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि योगीराज में अपराध लगातार बड़ रहा है। यदि शीघ्र ही अधिवक्ता के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सचिव विमलेश कुमार यादव, सीनियर अधिवक्ता तेज बहादुर यादव, स्वामी प्रसाद मिश्रा, ओमप्रकाश मौर्य, मजहर शकील, राकेश पांडेय, पंकज तिवारी, मुन्नर राम यादव, आलोक दुबे, वीरेंद्र कुमार चैहान, राजधर बिंद, श्याम शंकर यादव, गिरजाशंकर यादव, ओमप्रकाश सरोज, ब्रह्मकिशोर श्रीवास्तव, शशि पांडेय, संतोष दुबे, स्नेहलता, सुषमा मिश्रा, अशोक त्रिपाठी, विजय नारायण पांडेय, शिवकुमार आदि मौजूद रहे। सभा के अंत में अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।