गोपीगंज थानाक्षेत्र के पूरेझम्मन गांव में रविवार को भोर में कुत्ते ने खूंटे में बंधे 13 पशुपालकों के 17 मवेशियों को जख्मी कर दिया। पूरेझम्मन गांव निवासी शिवशंकर यादव, बेचूलाल, नागेंद्र यादव, श्यामराज यादव, रामरक्षा यादव, बुल्ले यादव, भोरीकल यादव समेत 13 पशुपालकों के 17 मवेशियों को काट कर घायल कर दिया। पशुओं के इलाज के लिए जब पशुपालक ब्लॉक स्थित पशु चिकित्सालय पहुंचे तो चिकित्सक ने एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं होने की बात करते हुए बाजार से लाने को कहा। फिर पशुपालक लामबंद होकर पशु मुख्य चिकित्सा अधिकारी से ज्ञानपुर जाकर मिले। तब 17 पशुओं को एंटी रैबीज इंजेक्शन का पहला डोज लगाया गया। उधर डॉ. आरबी मौर्य, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी का कहना था कि एंटी रैबीज इंजेक्शन का निदेशालय से 1000 डोज आया था। जिसे जिले के सभी 11 पशु चिकित्सालयों में भेज दिया गया था। पशु जिला अस्पताल ज्ञानपुर में कुछ डोज बचा था, जिसे मवेशियों को लगवा दिया गया। अब किसी भी अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं हैं। इंजेक्शन के लिए निदेशालय को कहा गया है।