मानसूनी बारिश खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत व निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। जिला पंचायत चार करोड़ 24 लाख से तीन सड़कों का नव निर्माण और 24 की मरम्मत कराएगा। कुल 15.69 किमी लंबी सड़क निर्माण के लिए निविदा भी जारी हो चुका है। नवरात्र में चयनित सड़कों पर काम भी शुरू हो जाएंगे।
जिले में नगर समेत ग्रामीण सड़कें काफी समय से जर्जर हैं। बारिश में इनकी हालत और भी खराब हो चुकी है। जर्जर सड़कों पर लोगों का आवागमन काफी मुश्किल भरा रहता है। मानसूनी बारिश के कारण सड़कों का निर्माण करीब तीन महीने तक ठप रहा। अब बारिश का सीजन खत्म होने के बाद कार्यदायी संस्था जिला पंचायत जर्जर व बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने की तैयारी में जुट गया है। छह ब्लॉकों में चिह्नित 29 सड़कों के मरम्मत पर 4,24,60000 रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें तीन सड़कों का नव निर्माण, दो सीसी रोड और 24 की मरम्मत होगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुरेश वर्मा ने बताया कि 29 सड़कों के मरम्मत व निर्माण के लिए निविदा जारी हो चुकी है। नवरात्र से पहले प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली जाएंगी। नवरात्र या उसके बाद सड़कों का निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
-
इनसेट
इन मांर्गाें की बदलेगी तस्वीर
सुरियावां ब्लॉक में चकजीतराय गांव में मिठाई सिंह के बाउंड्री से हरिहरपुर तक, भदोही के दुबहां, अभोली के सदौपुर जूनियर हाईस्कूल से प्रताप सिंह पट्टी तक, ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग के भावापुर से जूनियर हाईस्कूल सदौपुर तक, डीघ के त्रिभुवनपुर में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क से त्रिभुवनपुर यादव बस्ती तक, कलनुआं, जंगलपुर, मैलोना, सुरियावां-कलिंजरा मार्ग से भीखीपुर ब्राह्मण बस्ती तक, ज्ञानपुर में मुख्यालय मार्ग से लखनों मालवीय बस्ती तक, जीटी रोड महुआरी से ब्राह्मण बस्ती तक, जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग से चौरा माता मंदिर तक सहित अन्य मार्गों की मरम्मत होगी।