ज्ञानपुर। जिले के 25 कुशल श्रमिक पहले चरण में इस्राइल जाएंगे। इसकी सूची शासन से श्रम विभाग कार्यालय में आ गई है। विभाग की तरफ से शनिवार को जिला अस्पताल में श्रमिकों का मेडिकल कराया गया। 27 जनवरी को लखनऊ में साक्षात्कार के बाद सभी को भेजने की प्रक्रिया पूर्ण होगी।
इस्राइल में युद्ध के बने हालात के बाद वहां पर कुशल श्रमिकों की जरूरत बताई गई थी। इसमें कई श्रेणी के श्रमिकों को वहां काम के लिए बुलाया गया है। प्रदेश से दस हजार श्रमिकों को वहां भेजा जाना है। इसको लेकर शासन की ओर से श्रम विभाग के पास जब आदेश आया तो विभाग की ओर से पंजीकृत श्रमिकों से दस जनवरी तक आवेदन मांगे गए। श्रम विभाग कार्यालय में 10 जनवरी तक 199 श्रमिकों ने जाने के लिए सहमति पत्र दिया। शनिवार को श्रमिकों का जिला अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में मेडिकल किया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि 15 श्रमिकों की सूची पहले चरण के लिए शासन से आई है। जिनका मेडिकल कराया गया है। 27 जनवरी को लखनऊ में उनका साक्षात्कार होना है। इसके बाद शासन स्तर से ही उनको भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सटरिंग कारपेंटर श्रेणी में सबसे अधिक आवेदन
भवन निर्माण की चार श्रेणियों के कामगारों से आवेदन मांगे गए। 10 जनवरी तक कुल 199 श्रमिकों ने आवेदन किया। इनमें सिरेमिक टाइल, प्लास्टरिंग, शटरिंग कारपेंटर (फ्रेमवर्क) और आयरन वेल्डिंग शामिल हैं। ज्ञानपुर के सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में अभी तक शटरिंग कारपेंटर श्रेणी में सबसे अधिक 125 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं, जबकि सिरेमिक टाइल श्रेणी में 37, प्लास्टरिंग में 20 और आयरन वेल्डिंग श्रेणी में 12 आवेदन किए गए हैं।