ज्ञानपुर। कोइरौना थाने की पुलिस और स्वाट टीम ने 25 हजार के इनामी अपराधी को महाराष्ट्र के ठाणे से रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एटीएम फ्राड गिरोह का लीडर है। उसके सहयोगी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उसके खिलाफ पूर्वांचल के कई जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि शातिर एवं पेशेवर अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के आधार पर स्वाट और कोइरौना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित 25 हजार के इनामी मनीष सिंह निवासी कोछियां को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम गिरफ्तार अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई से लाकर जनपदीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी। एएसपी ने बताया कि आरोपी एटीएम फ्रॉड गिरोह का सरगना है, जिसके विरुद्ध भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर और वाराणसी में गंभीर अपराधों में दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।