ज्ञानपुर। डाक विभाग 20 दिसंबर तक संयुक्त अभियान चलाकर चयनित 30 विद्यालयों में अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता संग्राम के अकीर्तित नायक और 2047 में भारत के प्रति मेरा दृष्टिकोण विषय पर 25 हजार पोस्टकार्ड का लेखन कराकर विज्ञान भवन नई दिल्ली भेजेगा। अभियान को लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग अपनी जिम्मेदारियों में पूरी निष्ठा दिखा रहा है। उप मंडलीय डाक निरीक्षक पश्चिमी मंडल वाराणसी राममिलन प्रजापति ने बताया कि पोस्ट मास्टर जनरल केके यादव ने पोस्टकार्ड लेखन अभियान का शुभारंभ एक दिसंबर से शुरा कर दिया है। भदोही जिले को 25 हजार का लक्ष्य सौंपा है जिसे हर हालत में पूरा किया जाएगा। विभाग चयनित स्कूलों में प्रधानमंत्री कार्यालय का पतायुक्त 50 पैसे वाले पोस्टकार्ड सीबीएसई, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंधित विद्यालयों में उपलब्ध कराए जाने लगे हैं जिस पर शिक्षार्थी हिंदी, अंग्रेजी, अनुसूचित भाषा में पोस्टकार्ड पर मन की बात लिखकर प्रधानमंत्री के पते पर भेज सकेंगे। प्रतियोगिता से शिक्षार्थी आजादी के गुमनाम नायकों, देश का भविष्य, सशक्त भारत के उत्थान, विकास की नई सोच को उज्जवल करने में बड़ी उपलब्धि हासिल करेंगे। 17 जनवरी 2022 को देश भर से चुने हुए सर्वश्रेष्ठ 75 पोस्टकार्ड के लेखक शिक्षार्थी विज्ञान भवन नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का मौका भी पाएंगे। उस दौरान श्रेष्ठ विचारों वाले 500 से 1000 पोस्टकार्ड को प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा।