ज्ञानपुर। प्रथम ब्लाक दिवस का आयोजन बुधवार को ब्लाक सभागारों में हुआ। ब्लाक दिवस में सबसे अधिक मामले आवास, सम्मान निधि के रहे। फरियादियों ने कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की फरियाद लगाई। अधिकारियों ने 12 मामलों का निस्तारण कर 25 मामलों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंपकर समय सीमा के अंदर निस्तारित करने का निर्देश दिया।
ज्ञानपुर ब्लाक में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि थाना और तहसीलों में लगने वाले समाधान दिवसों पर फरियादियों की संख्या अधिक होने से निस्तारण करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में ब्लाक स्तर पर प्रथम और तृतीय बुधवार को ब्लाक दिवस का आयोजन कर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मामलों को प्रमुखता के साथ निस्तारित कराने निर्देश शासन ने जारी किया है। जागरूकता के अभाव में प्रथम ब्लाक दिवस पर मामले आए लेकिन इनकी संख्या काफी कम रही। बीडीओ ब्रजेश नारायण त्रिपाठी की देखरेख में दो मामले, प्रभारी बीडीओ डीघ एके प्रजापति ने 12 में से आठ, बीडीओ सुधाकर दुबे ने दो मामले, बीडीओ सुरियावां एसएन त्रिपाठी ने चार में से दो मामले निस्तारित कराए। बीडीओ औराई नवीन गुप्ता ने बताया कि पांच मामले आए थे, पांचों विभागवार सौंपे गए। बीडीओ राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि छह मामले आए थे, निस्तारण का समय तय कर उपस्थित अधिकारियों को दे दिया गया है। ब्लाक दिवस में सबसे अधिक मामले आवास, सम्मान निधि के रहे। आवास, शौचालय, पेंशन, राशनकार्ड, विद्युत, शिक्षा, आंगनबाड़ी, जलनिगम, पशुपालन से संबंधित मामले लेकर आने वालों की फरियाद सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर श्यामजी, फराह रईश, शशिप्रकाश, नंदकुमार यादव, बिनोद गुप्ता, डॉ. एसके सिंह, संगीता यादव, सुमन देवी, राजेश पटेल, प्रदीप, राजाराम, राहुल मौर्य, नन्हेलाल बिंद, गणेश राय, धर्मराज सरोज, नीतू शुक्ला, पूजा मौर्य, अशोक बिंद, केशव बिंद आदि रहे।