ज्ञानपुर। जिले में स्व. जगदीश लाल ठकुराल स्मृति छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को तीन केंद्रों पर संपन्न हो गई। इसमें पंजीकृत 2920 छात्र-छात्राओं में से 2455 शामिल हुए, जबकि 465 अनुपस्थित रहे। पारदर्शी परीक्षा को लेकर बीएसए समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तीनों केंद्रों पर भ्रमण करते रहे।
रविवार को सुबह नौ बजे केंद्र व्यवस्थापक खंड शिक्षा अधिकारी सुमन केसरवानी, चंद्रशेखर आजाद और यशवंत सिंह बीएसए कार्यालय से प्रश्नपत्र लेकर सेंट थॉमस ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर और नेशनल इंटर कॉलेज भदोही पहुंचे। सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक परीक्षा चली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने तीनों केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। एसआरजी धीरज सिंह, रत्नेश पांडेय, विनय शंकर पांडेय, डीसी राजकुमार सिंह केंद्रों पर सुबह नौ बजे तक परीक्षा को सकुशल निपटाने में लगे रहे। बीएसए ने बताया कि उत्तीर्ण होने वाले 14 छात्र-छात्राओं को प्रतिमाह एक-एक हजार की छात्रवृत्ति दी जाएगी। भविष्य में छात्रवृत्ति की संख्या बढ़ाई जाएगी। परीक्षा में कुल 2920 परीक्षार्थियों में से 2455 ने भाग लिया। परीक्षा में शामिल छात्रों के हिसाब से एक-एक छात्रवृत्ति के लिए 175 बच्चों में मुकाबला होगा।