ज्ञानपुर। जिले के तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 239 मामले आए जिनमें से 20 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मुख्य आयोजन भदोही तहसील में हुआ। यहां जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में समस्याएं सुनी गईं। जिलाधिकारी के साथ ही सीडीओ भानू प्रताप सिंह व एसडीएम भदोही आशीष मिश्रा के समक्ष कुल 115 मामले आए। उनमें से सात का निस्तारण किया गया। डीएम ने कहा कि जो भी लंबित मामले हैं उनका गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण होना चाहिए। कुछ मामलों के निस्तारण के बाद सत्यापन के लिए कहा। डीएम ने कहा कि यदि जिला, तहसील व ब्लाक स्तरीय अधिकारी अपने-अपने कार्यालय में समस्याएं सुनें, ज्यादा से जयादा लोगों की समस्याओं का समाधान करें तो तहसील दिवस में कम मामले आएंगे। इसी औराई तहसील में एडीएम शैलेंद्र मिश्रा पहुंचे। वहां कुल 45 मामले आए। तीन मामलों का निस्तारण किया गया। ज्ञानपुर तहसील में कुल 79 मामलों में सात का निस्तारण किया गया।