ज्ञानपुर। धनगर महासभा के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी राम सिंह वर्मा से मुलाकात कर गड़ेरिया समाज के लोगों को एससी प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की। एडीएम ने आश्वासन दिया कि तीनों तहसीलदारों के साथ बैठक कर प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया जाएगा। उक्त प्रकरण में सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी कोर्ट के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एडीएम और तीनों तहसीलदारों को प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया था। एडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गड़ेरिया की उप जाति धनगर को अनुसूचित जाति का दर्जा प्राप्त है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति की ओर से 29 जनवरी को इसे प्रभावी कराने का आदेश दिया गया था, लेकिन तहसीलदार एससी का प्रमाणपत्र जारी करने में आनाकानी कर रहे हैं। एडीएम ने आश्वस्त किया कि तीनों तहसीलदारों को प्रमाणपत्र जारी करने को आदेश दिया गया है। जल्द ही बैठक कराकर इसे लागू कराया जाएगा। इस मौके पर बच्चन पाल, सोहन पाल, प्रमोद, गिरजाशंकर, रविंद्र कुमार, राहुल, प्रधान धर्मराज पाल, सुजीत आदि मौजूद रहे।