सीतामढ़ी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार की रात आदि शक्ति मां सीता की पावन स्थली में गुजारेंगी। यह पहला मौका होगा, जब सीतामढ़ी के सीता सदन गेस्ट हाउस (मंदिर गेस्ट हाउस) में राष्ट्रीय स्तर का कोई बड़ा नेता रात्रि विश्राम करेगा। खासकर गांधी परिवार की प्रियंका गांधी जैसी शख्सियत का सीतामढ़ी में रात गुजारना न सिर्फ पूरे जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि कांग्रेस पूर्वांचल में कोई खास संदेश देना चाहती है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि प्रियंका का जिले की धार्मिक स्थली में कार्यक्रम, रात्रि विश्राम, माता सीता मंदिर में पूजन-अर्चन, ग्रामीणों से रूबरू होना यह सब कुछ विशेष संदेश देने वाला होगा। प्रियंका के सीतामढ़ी में रात्रि विश्राम के चलते रामपुर घाट का कार्यक्रम सोमवार को स्थगित कर मंगलवार सुबह कर दिया गया है। इस बारे में कार्यक्रम के को-ऑर्डिनेटर अजय शंकर दूबे ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि रामपुर घाट पर कार्यक्रम मंगलवार 19 मार्च को सुबह तय किया गया है। मंगलवार सुबह गंगा में नाव में बैठकर रामपुर और मिर्जापुर के लिए रवाना होंगी।