गोपीगंज। ज्ञानपुर विकास खंड के धनापुर उत्तरी गांव स्थित हजरत बाबा सिराजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स बृहस्पतिवार को पूरे शान-ओ- शौकत के साथ मनाया गया। दरगाह शरीफ पर जुटे जायरीनों ने चादरपोशी कर मुल्क के लिए अमन के साथ खुशहाली की दुआ मांगी। सलाना उर्स के मौके पर सुबह दरगाह शरीफ पर कुरआन ख्वानी के साथ कुल शरीफ के फातिहा के साथ उर्स का आगाज किया गया। इसके बाद जियारत का सिलसिला शुरू हो गया। दरगाह शरीफ पर जायरीनों की संख्या बढ़ती गई। शाम को कमेटी के लोगों ने गांव वालों के साथ गागर और चादर के साथ दरगाह शरीफ पहुंचकर चादरपोशी की। इसमें बड़ी संख्या में गांव वालों के साथ स्थानीय लोगों ने शिरकत की। इस दौरान आयोजित मेले में खान-पान के साथ जमकर खरीदारी भी की गई। वहीं रात में सुन्नी अहले बैत कान्फ्रेंस जलसा का आयोजन किया गया। इसमें सैय्यद जाफरी, मदारी मकनपुर और सैय्यद सजर अली ने खिताब किया। इस दौरान जलसे में जुटे अकीदतमंदों ने बुराई से तौबा कर नेकी की राह पर चलने की सीख दी। ब्यूरो