सुरियावां। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की टीम सोमवार शाम करीब छह बजे अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां पर धमक पड़ी। इससे चिकित्सकों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। टीम ने विभिन्न वार्डों का अवलोकन करने के बाद जच्चा-बच्चा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, फाइलों के रखरखाव को देखा। जिले में लचर स्वास्थ्य सुविधाओं के बीच सोमवार को देर शाम लखनऊ से एनआरएचएम की टीम सुरियावां सीएचसी पहुंची। दो सदस्यीय टीम ने सीएचसी के विभिन्न विभागों में जाकर बारीकी से निरीक्षण किया। मरीजों से सीधे मुखाबित होकर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा। इस दौरान एक महिला मरीज ने एंबुलेंस की लापरवाही की कलई खोल दी। करियांव गांव की स्वाति यादव ने जांच टीम को बताया कि एंबुलेंस वालों ने 50 रुपये लेने के बाद यहां पहुंचाया। लखनऊ से आई जांच टीम में इंद्रजीत सिंह और अरविंद सिंह शामिल रहे। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रतिश भुवन पाठक मौजूद रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जांच टीम एक-दो दिन और जिले में रुक सकती है। इस दौरान अन्य सरकारी अस्पतालों का भी निरीक्षण किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि जिले में एनआरएचएम में हुए गड़बड़झाला की जांच के लिए पहले भी दो से तीन बार जांच टीम आ चुकी है। साथ ही घोटाले को लेकर सीबीआई भी दो दिनों तक डेरा डाल चुकी है।