ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना बाहुल्य इलाकों में संकेतक लगाने का निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर अधिक दुर्घटनाएं होती हैं वहां संकेतक लगाएं, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आए। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि जो स्कूल सड़कों के आसपास हों, वहां बच्चों को सड़क पार कराने के लिए शिक्षकों को नामित करें। स्कूलों की चहारदीवारी पर पुलिस, अस्पताल के जरूरी नंबर अंकित कराए जाएं। परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि यातायात सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करें। नियमों को तोड़ने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। मालवाहक वाहनों पर मानक से अधिक लोड ले जाने पर कार्रवाई करें। नशे में वाहन चलाने, मोबाइल से बात करते समय वाहन चलाने, दोपहिया सवार हेलमेट न लगाने पर चालान काटें। चौपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से बंधवाएं। बैठक में एसडीएम ज्ञानपुर अमृता सिंह, सीओ रामकरन, एआरटीओ सत्येंद्र यादव, टीएसई जयप्रकाश यादव आदि शामिल रहे।