ब्लाक के पिपरीस स्थित डीह बाबा मंदिर पर सोमवार को श्री बाल गणेश पूजा समिति पदाधिकारियों की बैठक में इतिहास से तोड़ मरोड़ करने वाली फिल्म पदमावती का प्रदर्शन रोकने की मांग की गई। कहा गया कि यदि इसे प्रदर्शित किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली फिल्मों को समाज के बीच जाने से रोकना चाहिए। इससे शांति भंग हो सकती है। इसके प्रदर्शन से यदि शांति भंग हुई तो इसके लिए फिल्म प्रमाणन बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। कहा गया कि फ़िल्में ऐसी बने जिनसे समाज को लाभ हो लेकिन यहां कुछ लोगों को निजी स्वार्थ में भारतीय इतिहास से छेड़छाड़ करने में मजा आता है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में उमेश दूबे, गंगाधर, गणेश दूबे, रोहित, अमित सिंह, शैलेंद्र दूबे आदि उपस्थित रहे।