ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देश पर यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों का मंगलवार को अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां पाई गईं। इसे ठीक कराने की हिदायत विद्यालयों के प्रमुखों को दी गई। उप जिलाधिकारी औराई केशव नाथ गुप्ता ने मंगलवार को केशव प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज सहसेपुर, रामदेव मौर्य बालिका इंटर कॉलेज खमरिया, इंटर कॉलेज बाबूसराय, काशीराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज औराई, चंद्रभानु गुप्त बालिका इंटर कालेज महरागंज समेत अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के कमरे, शौचालय, फर्नीचर, बाउंड्रीवाल, सीसीटीवी कैमरे आदि संसाधन देखे गए। कुछ केंद्रों में संसाधनों की कमी पाई गई। कमी को दूर करने की हिदायत प्रधानाचार्यों को दी गई। इसी तरह तहसीलदार ज्ञानपुर ने भी सात परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में मौजूद संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण करने वाले अधिकारियों ने कहा कि दो दिन में सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लिया जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट दे दी जाएगी। जिले में यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों की पड़ताल की जा रही है।