ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में धान खरीद की कार्यशाला सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें एक नवंबर से शुरू हो रही धान खरीद को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि जिले में एक नवंबर से 28 फरवरी तक धान की खरीद होगी। किसानों को कॉमन धान का मूल्य 1750 रुपये प्रति क्विंटल जबकि ग्रेड एक पर 1770 रुपये क्विंटल मिलेगा। धान खरीद के लिए पंजीकरण अनिवार्य है, पुराना पंजीकरण अमान्य होगा। किसान 15 नवंबर तक पंजीकरण करा लें। सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को लघु एवं सीमांत किसानों के लिए आरक्षित रहेगा। महिला किसानों को क्रय केंद्रों पर प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर तक जिले की तीनों तहसीलों में 4183 किसानों ने पंजीकरण कराया है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक के प्रथम कापी की छायाप्रति अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि धान खरीद के लिए 11 क्रय केंद्र स्थापित है, जिसमें 6 खाद्य विभाग के और पांच पीसीएफ के है। इस मौके पर जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्रा आदि रहे।