ज्ञानपुर। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सोमवार को तीनों विधान सभाओं में भाजपा जिला कमेटी की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं बूथ गठन की समीक्षा की गई। संगठन के प्रदेश मंत्री संजय राय ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए हर बूथ पर नए सदस्य जोड़ने पर जोर दिया। औराई विधानसभा में गरौली के हनुमान मंदिर, ज्ञानपुर में बड़े शिव मंदिर और भदोही में सूर्या बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित सभा में युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। प्रदेश मंत्री संजय राय ने कहा कि कार्यकर्ता हर बूथ पर कम से कम 50 नए सदस्य जोड़ें। उन्होंने कहा कि टोल फ्री नंबर 18002661001 पर मिस्ड कॉल देकर भी भाजपा की सदस्यता ली जा सकती है। जिन बूथों पर बेहतर कार्य हुआ उनकी प्रशंसा की, जबकि संतोषजनक कार्य न करने वाले बूथ प्रभारियों को चेतावनी दी गई। भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने कार्यकर्ताओं से मन लगाकर अभियान को सफल बनाने के लिए कहा। मौके पर पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय, प्रभात, दिनेश पांडेय, राजेंद्र दूबे, रोहित पांडेय, लाल बहादुर मौर्य, राजेश सरोज, प्रमोद पाठक, सुनील मिश्र, छत्रपति सिंह, बसंतलाल मौर्य, विधानचंद्र दूबे आदि रहे।