ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार कर ज्ञानपुर तहसील में धरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। संगठन के तहसील अध्यक्ष रमाशंकर यादव ने कहा कि पूववर्ती सरकार ने उनकी मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन वर्तमान सरकार उसे आगे नहीं बढ़ा रही है। इससे उन्हें काम करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन की प्रमुख मांगों में लेखपालों की शैक्षिक अर्हता स्नातक करने, पदनाम राजस्व निरीक्षक और प्रारंभिक वेतनमान दो हजार से बढ़ाकर 2800 करने, विषम परिस्थितियों में दूसरे जिले में स्थानांतरण, लैपटॉप और स्मार्टफोन उपलब्ध कराना रहीं। संगठन ने एलान किया कि जब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा, वह हर संपूर्ण समाधान दिवस पर आंदोलन जारी रखेंगे। इस मौके पर रामवृक्ष भारतीय, मुरलीधर गौतम, विनय कुमार श्रीवास्तव, सुरेंद्रनाथ मिश्र, अजय श्रीवास्तव, रूपा सिंह, वंदना, इंदु प्रकाश तिवारी, ओमकार गौतम आदि रहे।