ज्ञानपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने शनिवार को भदोही और सुरियावयां विकास खंड के आठ प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मिडे डे मील, शिक्षकों की उपस्थिति, पठन पाठन, यूनिफार्म, स्वेटर, किताब वितरण, शौचालय, बच्चों की उपस्थिति आदि का जायजा लिया। जिन स्कूलों में पठन-पाठन सही नहीं मिला वहां के शिक्षकों को सख्त हिदायत दी। पखवारे भर में शैक्षणिक स्थिति बेहतर करने का निर्देश दिया। बीएसए ने प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय समालकोट, प्राथमिक विद्यालय रोटहां, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भदोही नगर, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय सियरहां, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय मकनपुर का जायजा लिया। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों का समय-समय पर निरीक्षण कर स्थिति को सुधारें।