ज्ञानपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना का लाभ जिले के सवा चार लाख लोगों को मिलेगा। इसके लिए नगर और ग्रामीण इलाकों के 85 हजार परिवारों का पंजीयन हुआ है। योजना के आगाज के मौके पर गिने-चुने लाभार्थियों को ई-कार्ड मुहैया कराया गया है। बाद में सभी लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड दिया जाएगा, जिसके माध्यम से चयनित अस्पतालों में पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करा सकेंगे। योजना के संचालन के लिए जिले के दो सरकारी अस्पतालों को हरी झंडी मिल गई है जबकि निजी अस्पतालों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। गरीबों को समुचित इलाज की सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। योजना में लाभार्थी के परिवार में किसी भी सदस्य के उपचार पर पांच लाख तक का खर्च सरकार देगी। लाभार्थी पर आने वाला खर्च सरकार सीधे अस्पतालों को भेजेेगी। इस योजना के तहत जिले में ग्रामीण इलाकों के 70 हजार और नगरीय इलाकों में 15 हजार परिवारों का पंजीयन किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश सिंह ने बताया कि 2011 की आर्थिक जनगणना के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया गया है। लाभार्थियों से आवेदन भरवाकर उन्हें स्वास्थ्य कार्ड दिया जाएगा। योजना के शुरूआत में ई-कार्ड मुहैया कराया गया है। बाद में उन्हें गोल्डेन कार्ड दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय और एमबीएस को पहले चरण में शामिल किया गया है। दो निजी अस्पतालों का नाम शासन को भेजा गया है लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली। उन्होंने बताया कि यह योजना 2008 में गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों के लिए लागू की गई राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना की तरह है। उसमें 30 हजार का सालाना बीमा कवर मिलता था। इसमें लाभार्थी को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। कहा कि योजना में नकदीकरण न होने से पारदर्शिता रहेगी।