सुरियावां। केंद्र सरकार के बजट को गरीब विरोधी बताते हुए युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाईपास पर वित्तमंत्री अरुण जेटली के ब्रीफकेस का पुतला फूंका। कहा कि इस बजट में सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी दिखाई गई है। जनता सरकार के लचर व्यवस्था को पहचान चुकी है। 2019 में इसका हिसाब जनता अपने वोट से देगी। युकां के लोकसभा अध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाईपास चौराहे पर पहुंचे। सरकार के बजट का विरोध करते हुए ब्रीफकेस का पुतला जलाया। अरविंद कुमार ने कहा कि बजट में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। कहा कि सरकार ने दो करोड़ शौचालय बनवाने की घोषणा की है, जिस पर दो लाख 60 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। जबकि ग्रामीण मंत्रालय का बजट एक लाख करोड़ है। मो. नाजिम ने कहा कि बजट में 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख का हेल्थ इंश्योरेंस देने का सपना दिखाया गया है, जो संभव नहीं है। लोकसभा महासचिव सुरेश चौहान ने कहा कि दो करोड़ रोजगार प्रति वर्ष देने का वायदा करने वाली सरकार दो लाख भी रोजगार नहीं दे सकी। बेरोजगार युवाओं को पकौड़ा बेचने की शिक्षा सरकार की ओर से दी जा रही है, जो उनका अपमान है। युवा आने वाले चुनाव में इस अपमान का बदला चुकाएंगे। इस मौके पर वसीम अंसारी, राजेश यादव, करन मौर्या, शिवशंकर उपाध्याय, लालजी सरोज, अशोक कुमार, दीपक कुमार, विवेक कुमार, चांद भाई, प्रेम बहादुर, आकाश कुमार, सिकंदर अंसारी, जगन्नाथ यादव, शैलेंद्र गौतम, गोलू, किशन यादव आदि मौजूद रहे।