ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सौभाग्य योजना प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें बिजली विभाग के अफसरों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सामान्य परिवारों को 50 रुपए प्रतिमाह के 10 मासिक किस्तो में विद्युत कनेक्शन दिया जाएगा। योजना में सभी परिवारों का मीटर लगेगा। गरीब परिवारों की पहचान सामाजिक, आर्थिक, जातियों का 2011 के जगनणना के आधार पर होगी। डीएम ने कहा कि गांवों में कैंप लगाकर योजना को शत प्रतिशत सफल बनाएं। 13 जनवरी, 24 जनवरी और 31 जनवरी को सौभाग्य योजना का विशेष कैंप लगाएं। 13 को अभोली के कुढ़वा, भदोही के जमुनीपुर अठगवां हरिचंदनपुर, महबूबपुर, रामरायपुर, फत्तूपुर, ममहर, सुरियावां के चकसेवा, औराई के जहांगीराबाद, सहसेपुर, मटकीपुर, डीघ के कलापुर, तिलंगा और ज्ञानपुर के सरई राजपुतानी गांव समेत 14 ग्राम पंचायतों में कैंप लगेगा। बैठक में सीडीओ हरिशंकर सिंह, एक्सईएन बिजली अमर सिंह समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।