औराई। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास के लिए धन की कमी नहीं होगी। जनहित से जुड़े कार्यों को तेजी से कराया जाएगा। वह शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ट्रामा सेंटर के भूमिपूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन-जन का विकास चाह रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकारों में कुछ गिने-चुने लोगों के विकास पर ध्यान दिया गया। कहा कि औराई के विकास के लिए कई योजनाएं लाई जाएंगी। विजयदशमी के बाद ट्रामा सेंटर का काम शुरू हो जाएगा। आगामी दशहरे पर इसका लोकार्पण करेंगे। इस दौरान आचार्यों ने विधि विधान पूर्वक भूमिपूजन कराया। औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने कहा कि जिले में टेक्सटाइल्स यूनिवर्सिटी बनाने का प्रयास किया जाएगा, जो बीएचयू से संबद्ध होगा। बताते चलें कि ट्रामा सेंटर एक करोड़ 62 लाख की लागत से बनेगा। दिसंबर 2016 में तत्कालीन विधायक मधुबाला पासी ने शिलान्यास किया था। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, सीडीओ हरिशंकर सिंह, सीएमओ डा. सतीस सिंह, शैलेंद्र दूबे, मोहन सिंह, राजेंद्र दूबे, त्रिपुरारी, अजय कुमार, चून्नू, सतीश पांडेय, कर्मराज मिश्र, संतोष चौहान, सर्वेश कुमार पाल समेत कई लोग मौजूद रहे।