एक्सपो मार्ट भदोही में कालीन स्टाल का परखते विदेशी आयातक। संवाद
- फोटो : BHADOHI
भदोही। सीईपीसी के संयोजन में एक्सपो मार्ट में हो रहे इंडिया कारपेट एक्सपो के दूसरे दिन 64 आयातक और 50 आयातक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। दो दिन में कुल 180 आयातक और 120 आयातक प्रतिनिधि एक्सपो का भ्रमण कर चुके हैं। दूसरे दिन बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त (पूर्व भदोही सांसद) ने एक्सपो का दौरा किया और इसे अच्छी शुरुआत बताया। कहा, कालीन हमारी जीवनधारा है। उन्होंने कहा कि मार्ट की निरंतरता बनाए रखने के प्रयास होंगे। सीईपीसी चेयरमैन उमर हमीद ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भदोही एक्सपो की साज सज्जा जर्मनी, अमरीका या नई दिल्ली के एक्सपो से कमतर नहीं है। ये बातें हमारे निर्यातकों और आयातकों ने अपने फीडबैक में कही हैं। कहा कि एक्सपो की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। बताया कि दो दिन में कुल 180 आयातक और 120 आयातक प्रतिनिधि एक्सपो में भ्रमण कर चुके हैं। दूसरे दिन बलिया सांसद एक्सपो में पहुंचे। भदोही के सांसद रहते उन्होंने कालीन उद्योग के लिए काफी कुछ किया था। उन्होंने एक्सपो क्षेत्र का भ्रमण किया कई स्टाल पर भी गए और व्यवस्था देखने के बाद आयोजकों की प्रशंसा की। कहा कि यह भदोही के लिए नई शुरुआत है। कालीन हमारी जीवनधारा है। इसे बरकरार रखने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे। मैं कहीं भी रहूं भदोही के कालीन उद्योग के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहुंगा। वह लगभग दो घंटे तक एक्सपो में रहे। इस दौरान बुनकरों की कलात्मक कालीनों की प्रशंसा की।