ज्ञानपुर। निपुण असेसमेंट परीक्षा में जिले के परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन संतोषजन नहीं है। विभाग के मुताबिक 18 हजार 130 विद्यार्थी 40 फीसदी से कम अंक हासिल किए हैं। ये विद्यार्थी महज टेस्ट पास कर पाए हैं। दो चरणों में आयोजित परीक्षा में एक लाख 43 हजार बच्चे शामिल हुए थे। पहले चरण में कक्षा एक से तीन और दूसरे चरण में कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों ने टेस्ट दिया था। दोनों चरण के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों का वैसे तो अर्द्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षा कराकर उनके ज्ञान का मूल्यांकन किया जाता है। इस परीक्षा के अंक के आधार पर ही उनकी श्रेणी और योग्यता तय होती है। निपुण एसेसमेंट टेस्ट के माध्यम से शासन ने ओएमआर शीट पर इनका ज्ञान परखने का निर्णय लिया। अक्तूबर में दो चरणों में परीक्षा आयोजित की गई। इसमें पहली से तीसरी कक्षा में पंजीकृत 61 हजार 506 में 55 हजार 332 और कक्षा चार से आठ तक के एक लाख दो हजार 773 बच्चों में 88 हजार 475 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। इस परीक्षा में नौनिहालों से उनके कोर्स से ही संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे। करीब दो माह बाद निपुण टेस्ट के रिजल्ट घोषित कर दिया गया। बच्चों का रिजल्ट छह श्रेणियों में जारी किया गया है। परिणाम चौंकाने वाले रहे। पहली से आठवीं तक करीब 18 हजार 130 बच्चे 40 फीसदी से भी कम अंक पाए। उन्हें संघर्षशील की श्रेणी में रखा गया है। विभाग के मुताबिक कोर्स के ज्ञान में कमजोर विद्यार्थियों को संघर्षशील श्रेणी में रखा जाता है। यह परीक्षा विद्यार्थी के साथ ही शिक्षकों के शिक्षण कौशल को परखने की थी। इसमें शिक्षक कसौटी पर खरे नहीं उतर पाए हैं।
कमजोर बच्चों पर विशेष फोकस किया जाएगा। नौनिहालों का ज्ञान परखने के लिए शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक लगाए गए हैं। प्रभावी कार्य करने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिया गया है।- भूपेंद्र नारायण सिंह, बीएसए भदोही
-
एक नजर में नतीजे
कक्षा 1 से 3 तक (परिणाम)
नामांकन-61506, उपस्थिति-55332
ए-प्लस (90 प्लस फीसदी) - 20349 विद्यार्थी
ए (75 से 90 फीसदी) - 7924
बी (60 से 75 फीसदी) 9940
सी (50 से 60 फीसदी) 5502
डी (40 से 50 फीसदी) 3247
ई (40 फीसदी से कम) 8360
इनसेट
कक्षा 4 से 8 तक (परिणाम)
नामांकन-102783, उपस्थिति-88475
ए-प्लस (90 प्लस फीसदी) 20040
ए (75 से 90 फीसदी) 25083
बी (60 से 75 फीसदी) 18998
सी (50 से 60 फीसदी) 8505
डी (40 से 50 फीसदी) 6079
ई (40 फीसदी से कम) 9770
-