ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी अधिनियम की बैठक हुई। इसमें अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अपोलो ट्रामा सेंटर इंदिरा मिल चौराहा भदोही, भदोही ट्रामा सेंटर भदोही की जांच में खामियां मिलने पर इनकों सील करने निर्देश सीएमओ डा.सतीश सिंह को दिया। जीवन दीप हास्पिटल ट्रामा सेंटर इंदिरा मिल चौराहा भदोही का फिर जांच कराने का निर्देश दिया। कहा कि तीन दिन में आख्या समेत पत्रावली उपलब्ध कराए, अन्यथा कार्रवाई जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी 25 अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच नामित नोडल अधिकारी करें। किसी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर किसी भी प्रकार गड़बड़ी मिले, तो तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। सीएमओ को निर्देश दिया कि अगली बैठक में चेकलिस्ट, बिंदुवार आख्या समेत पत्रावली उपलब्ध कराएं। बैठक में सीएमओ डा.सतीश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।