जिला योजना समिति (डीपीसी) के चुनाव के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के डीएम न्यायालय कक्ष में गहमागहमी के बीच 17 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। 17 सीटों पर एक-एक नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है, हालांकि 31 को नाम वापसी के दिन प्रशासनिक स्तर पर घोषणा की जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव के बाद जिला योजना समिति के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी थी। शुक्रवार को नामांकन को लेकर दिन भर कलेक्ट्रेट पर गहमागहमी का माहौल रहा। 17 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 17 जिला पंचायत सदस्यों ने नामांकन किया। इसमें राजेंद्र बघेल, अंजनी शुक्ला, मनोज यादव सहित अन्य जिला पंचायत सदस्य शामिल रहे। दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन की जांच की गई तो सभी वैध मिले। एक-एक सीट पर एकमात्र नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है। ऐसे में अन्य निर्वाचन प्रक्रिया नहीं होगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को नाम वापसी के दिन घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला योजना समिति में जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्धारित 17 सीट में अनुसूचित जाति महिला के लिए एक, अनुसूचित जाति के लिए तीन, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए दो, पिछड़ा वर्ग के लिए तीन, अनारक्षित महिला-चार और अनारक्षित के पांच सीट निर्धारित है।