वहिदानगर। नहर विभाग की उदासीनता से डीघ ब्लॉक के माइनरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे गेहूं की दूसरी सिंचाई किसान नहीं कर पा रहे हैं। बारीपुर -बहोरनपुर नहर से जुड़े करीब आधा दर्जन गांव के सैकड़ों किसान परेशान हो गए हैं। इसमें बारीपुर, मनोहरपुर, केवटाही, नरसिंह नगर, मठहां शुक्लान, लमाही आदि गांव प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि नहरों और माइनरों को कुछ लोग पटरा और पुआल लगाकर बांध दे रहे हैं। ऐसे लोगों पर विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता और टेल तक पानी नहीं पहुंचता। पानी न पहुंचने का एक और कारण पूरी क्षमता से जल का न छोड़ा जाना है। क्षेत्रीय जेई मिथुन कुमार ने कहा कि पूरी क्षमता से पानी छोड़ने पर नहर टूटने का खतरा रहता है। कुछ किसानों के माइनर बांधने की सूचना है। पुलिस के सहयोग से कार्रवाई होगी। किसान रामचंद्र बिंद, नारायण बिंद, अभयराज, भोथल बिंद, पंचूलाल, पारसनाथ बिंद, रामजी प्रजापति ने पूरी क्षमता से पानी छोड़ने की मांग की है।