ज्ञानपुर। नगर के पुरानी बाजार में मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे पटाखा बनाते समय एक कमरे में विस्फोट हो गया। इससे आसपास खलबली मच गई। इसमें तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। पटाखा बनाने वाला युवक घायलों को लेकर गायब हो गया। हालांकि पुलिस ऐसी किसी घटना से इंकार कर रही है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अचानक घर में विस्फोट हुआ, जिसमें एक युवक और दो युवतियां घायल हो गईं। घटना के बाद घर का ताला बंद कर सभी लोग कहीं चले गए हैं। पटाखा बनाने वाला युवक किराए का कमरा लेकर रहता था। सूत्रों की मानें तो मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन कोई नहीं मिला। मुहल्लेवासियों का कहना है कि विस्फोट काफी तेज था। जिस मकान में धमाका हुआ है, वहां ताला लटका हुआ है। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की पड़ताल की जाएगी।