ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय सागररायपुर में शुक्रवार को सरकार जनता के द्वार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता मिशन को बढ़ावा देने के लिए स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने गौरव हर्ष यात्रा निकाली। गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने दीप जलाकर किया। उन्होंने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग विभाग, कौशल विभाग, किसान पाठशाला, स्कूल चलो अभियान, राष्ट्रीय कृषि तकनीकी परामर्श केंद्र, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मत्स्य, स्वास्थ्य, बाल विकास सेवा पुष्टाहार, विकलांग कल्याण, समाज कल्याण, जिला प्रोबेशन 181 महिला हेल्प लाईन समेत अन्य विभागों की लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्कूल के छात्र और छात्राओं ने सरस्वती गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। सीडीओ हरिशंकर सिंह ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रह जाए, जिसके लिए हम ‘सरकार आपके द्वार कार्यक्रम’ चला रहे हैं। गांव के सबसे गरीब, असहाय व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही प्राथमिकता है। स्कूली बच्चों के विज्ञान की पेंटिंग से प्रभावित होकर कहा कि बच्चे देश के भविष्य निर्माता है, शिक्षक अच्छी शिक्षा देकर बच्चों का भविष्य संवारें। इस मौके पर डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, डीसी मनरेगा अजीत कुमार सिंह, डीएसओ संजय पांडेय, डीपीआरओ अनिल त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी आरके सिंह, राकेश सिंह, राजेश श्रीवास्तव, सरोज पांडेय समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।