भदोही। इंदिरा मिल फ्लाईओवर का एक लेन आवागमन के लिए तैयार है। गुरुवार की शाम निर्माण एजेंसी उप्र राज्य सेतु निगम ने ओवर ब्रिज के एक लेन को अंतिम रूप देकर जिला प्रशासन को सौंप दिया। शुक्रवार को सुबह 11 बजे पुल के एक लेन से आवागमन शुरू करने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। भाजपा विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी फीता काटकर पुल का शुभारंभ करेंगे। नगर में लगातार जाम की समस्या को देखते हुए जनमानस में असंतोष बढ़ रहा था। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यदायी संस्था पर दबाव बनाया और इसी महीने ओवर ब्रिज के एक लेन से आवागमन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया। गत दिनों एसडीएम भदोही आशीष कुमार और उसके बाद डीएम विशाख जी ने पुल का निरीक्षण कर हर हाल में पुल का एक लेन तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपने की बात सेतु निगम अधिकारियों से कही थी। फ्लाई ओवर ब्रिज पर लगातार काम करा रहे निगम के अवर अभियंता संजीव सिंह ने बताया कि उन्होंने एक लेन पूरा करा कर जिला प्रशासन को हैंडओवर कर दिया है। उधर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक ने गुरुवार को पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल के आवास पर प्रेसवार्ता कर पूर्व विधायक जाहिद बेग सहित अन्य सपा कार्यकर्ताओं पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि पुल के उद्घाटन से पूर्व वहां जाकर शांति व्यवस्था भंग करना ओछी हरकत है। इस पर कार्रवाई की जाएगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनता की समस्या को देखते हुए एक लेन चालू कराया जा रहा है। आगामी नए साल में जब दूसरा लेन भी तैयार हो जाएगा, तब तिथि निश्चित कर पूरे फ्लाईओवर को मुख्यमंत्री अथवा उपमुख्यमंत्री के हाथों इसका विधिवत शुभारंभ कराया जाएगा। पुल का एक लेन शुरू हो जाने की घोषणा से आम जन में खुशी की लहर दौड़ गई है।