ज्ञानपुर। खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को औराई इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इससे दुकानदारों में खलबली मच गई। टीम ने मिर्जापुर रोड पर बिना लाइसेंस मसाला की एजेंसी चला रही एक दुकान को सीज किया, जबकि नरथुआं में सरताज के नाम पर फर्जी नमकीन समेत अन्य फूड सामग्री बेचने वाली दुकान को सीज की कार्रवाई की। ज्ञानपुर में दूध का दो सैंपल समेत छह सैंपल एकत्रित किया गया। शासन और प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी मिलावटखोरी कम नहीं हो रही है। बड़े व्यापारी एवं दुकानदार अपने फायदे के लिए आम लोगों के सेहत से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आते। दूध से लेकर अन्य जरूरी खाद्य सामग्री में मिलावट करते हैं। मिलावटखोरी की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए शनिवार को जिला अभिहित अधिकारी मंजुला सिंह ने औराई क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी कर जांच पड़ताल की। औराई के मिर्जापुर रोड पर किराने की दुकान चला रहा व्यापारी बिना लाइसेंस के मसाले की एजेंसी चलाते हुए पकड़ा गया। उक्त एजेंसी को सीज करने की कार्रवाई की। इसी तरह नरथुआं में साईं फूड प्रोडक्ट्स पर छापेमारी की। बताया कि उक्त दुकान पर बाहर से हर समय ताला लगा रहता था, लेकिन अंदर सारा कामकाज होता था। अभिहीत अधिकारी मंजुला सिंह ने कहा कि उक्त दुकान में सरताज के नाम पर फर्जी नमकीन समेत अन्य खाद्य पदार्थों की पैकिंग की जाती थी। दुकान को सीज करने के साथ 25 से 30 बोरियों को नष्ट कराया गया। एक कमरे में बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ को रखकर सीज किया गया। छापेमारी के दौरान करीब छह सैंपल को जांच के लिए एकत्रित किया। इसके बाद काशीराज इंटर कॉलेज में जागरूकता गोष्ठी आयोजित कर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। खाद्य सामग्रियों की खरीदारी के दौरान क्या करना चाहिए क्या नहीं इसके बारे में बताया।