ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में बुधवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के शबरी संकल्प अभियान योजना की समीक्षा बैठक हुई। इसमें 24 और 27 अक्टूबर को ब्लॉकों में होने वाले वजन दिवस को सफल बनाने के लिए अफसरों को जिम्मेदारी दी गई। दो चरणों में होने वाले वजन दिवस को सफल बनाने के लिए 40 सेक्टर प्रभारियों को लगाया गया है। जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा कि अभियान के तहत पांच वर्ष तक के बच्चों का वजन कराया जाएगा। वजन दिवस को दो चरणों में कराया जाएगा। प्रथम चरण में 24 अक्टूबर को विकास खंड ज्ञानपुर, औराई और डीघ जबकि, दूसरे चरण में 27 अक्टूबर को अभोली, सुरियावां, भदोही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण के लिए 22 और दूसरे चरण के लिए 18 सेक्टर प्रभारियों को लगाया गया है। डीएम ने कहा कि अधिकारी वजन दिवस से पूर्व अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सर्वे कर लें। वजन दिवस में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वजन दिवस के सफल संचालन और प्रभावी नियंत्रण के लिए विकास भवन के कक्ष संख्या 101 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। डीएम ने बताया कि कंट्रोल रूम में दूरभाष संख्या 05414-250302 क्रियाशील है। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी योगेंद्र कुमार सिंह का मोबाइल और लेखा लिपिक गुलाब चंद्र पाल का नंबर 7007454435 प्रभावी रहेगा। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, सीएमओ डॉ. सतीश सिंह, डीपीओ अमृता सिंह, सीडीपीओ रविश्वर राव समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।