लालानगर। विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि रवि सिंह साजन ने सोमवार को गोपीगंज नगर पालिका सभासदों, भदोही ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्यों और प्रधानों के साथ बैठक की। इसमें नगर और क्षेत्र के विकास की योजनाओं पर चर्चा की गई। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आगामी वित्त वर्ष के लिए भदोही को नोडल जिला घोषित किए जाने पर खुशी जताई। बताया कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में पूर्वांचल विकास निधि से जनपद के सभी ब्लॉकों में सौ हैंडपंप और 75 सोलर लाइट दी जा चुकी है। वहीं अमवा खुर्द समेत दर्जनभर ग्राम सभाओं में बारात घर बनवाने का प्रस्ताव सौंपा गया। इस मौके पर प्रधान संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवभूषण उपाध्याय, संतोष सिंह, धर्मेंद्र मिश्र, श्रीराम दुबे, दुर्गेश सिंह, सुशील त्रिपाठी, भानु प्रताप सिंह, अमरजीत यादव, राकेश मिश्र, शिवशंकर गुप्ता, मुकेश बिंद, जगदंबा प्रसाद शुक्ला, कल्लू सिंह, संदीप पांडेय आदि रहे।