ज्ञानपुर। नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में बुधवार को भाजपा बूथ स्तर की बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन की मजबूती पर बल देते हुए नए मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया गया। भाजपाजनों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान मुख्य अतिथि रहे प्रदेश मंत्री और जिला प्रभारी संजय राय ने आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की। कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन को मजबूती मिलेगी। वह अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क कर नए वोटरों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित हो गए हैं उनका नाम भी अंकित कराएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की हर योजना गरीबों एंव किसानों को समर्पित है। पीएम मोदी और सीएम योगी की बढ़ती लोकप्रियता देख विपक्षी दल बौखला गए हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, जिला मंत्री राजेंद्र दूबे, मो. अली, मुरली, अखंड प्रताप सिंह, सपना दूबे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।