औराई। थानाक्षेत्र के उपरौठ गांव के समीप 300 मीटर के दूरी में रविवार शाम को बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पूर्व अमवामाफी निवासी रमेश कुमार की मौत हेे गई। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। औराई के कुरौना निवासी अमृतलाल बिंद (43) अपनी बाइक से औराई बाजार आए थे। यहां से सामान आदि खरीदकर शाम को कुरौना घर जा रहे थे। उपरौठ के समीप जौनपुर से चोपन बालू लादने जा रहा ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक को भगाने का प्रयास किया तो साइकल से गुजर रहे अमवामाफी निवासी रमेश कुमार प्रजापती (40) चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से दोनों को सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने रमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमृतलाल को वाराणसी रेफर किया। रमेश कुमार प्रजापति एलआईसी का एजेंट था, जबकि अमृतलाल बिंद उगापुर एक कालीन कंपनी में काम करता है। पुलिस ने चालक जौनपुर निवासी हवलदार और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।