फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: 148 डीएलएड प्रशिक्षु बच्चों का परखेंगे ज्ञान

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। जिले में पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों के सीखने के स्तर का पता लगाने के लिए 27 जनवरी से निपुण विद्यालय आकलन की शुरूआत होगी। इसके लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के 148 डीएलएड प्रशिक्षुओं की ड्यूटी लगाई गई है। बच्चों में भाषा एवं गणित को सीखने-समझने की दक्षता का परीक्षण निपुण लक्ष्य एप के माध्यम से किया जाएगा। महानिदेशक का पत्र आने पर विभाग इसको पूर्ण कराने की कवायद में जुट गया है। जिले में 885 परिषदीय विद्यालयों में करीब एक लाख 45 हजार बच्चे अध्ययनरत हैं। निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कई प्रकार की शैक्षिक गतिविधियां विद्यालयों में संचालित की जा रही हैं। अब तक 511 विद्यालय निपुण घोषित किए जा चुके हैं। प्रत्येक डीएलएड प्रशिक्षु को प्रतिदिन दो विद्यालयों का आकलन करना होगा, इसमें प्रत्येक विद्यालय से 24 बच्चे होंगे। इनमें कक्षा एक के 12 और कक्षा दो के 12 बच्चे शामिल होंगे। अगर किसी विद्यालय में बच्चों की संख्या 24 से कम है, तो सभी का आकलन किया जाएगा। 75 प्रतिशत अंक पाने वाले बच्चे निपुण छात्र घोषित होंगे। डीएलएड प्रशिक्षु अपने मोबाइल फोन या टैबलेट से आंकलन करेंगे। निपुण लक्ष्य एप पर किए जाने वाले मूल्यांकन परिणाम का डाटा तैयार किया जाएगा। इसे विद्यालयों के शिक्षकों के साथ साझा किया जाएगा। मूल्यांकन की रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और डायट प्राचार्य को भेजी जाएगी। डायट प्राचार्य विकास चौधरी ने बताया कि समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से 27 जनवरी से आंकलन शुरू कराने का आदेश जारी किया गया है। इसके लिए 148 प्रशिक्षुओं की ड्यूटी लगाई गई है। निपुण लक्ष्य आकलन की प्रक्रिया और ऑनलाइन रिपोर्ट फीड किए जाने का डीएलएड प्रशिक्षुओं को डायट में प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रशिक्षुओं को यह भी बताया गया कि विद्यालय की परिधि में आने पर ही एप खुलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें