ज्ञानपुर। जिले में डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम राम सिंह वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। एडीएम ने कहा कि 14 अप्रैल को सुबह आठ बजे से 10 बजे तक समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित अनुसूचित जाति/अनुसूचित जन जाति, छात्रावास ज्ञानपुर में निवासरत छात्र एवं छात्राओं के बीच बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के जीवनवृत एवं दलितों के उत्थान के प्रति किए गए कार्यों की परिचर्चा संग वाद विवाद प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान आने वाले होनहार पुरस्कृत होंगे। इसी तरह बीएसए, क्रीड़ा अधिकारी और युवा कल्याण अधिकारी की ओर से स्लोगन, पैदल रूट मार्च आदि का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे ज्ञानपुर में नगर पंचायत की ओर से सफाई अभियान जबकि 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम डा. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करेंगे। इसी तरह विकास भवन, ब्लॉकों में गोष्ठी आयोजित कर भीमराव आंबेडकर की जीवनी पर प्रकाश डाला जाएगा। राष्ट्रीय समरसता दिवस के रूप में जयंती मनाई जाएगी। बैठक में एएसपी संजय कुमार, सीडीओ हरिशंकर सिंह, बीएसए अमित कुमार आदि मौजूद रहे।