घोसिया। राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज औराई में शनिवार को मैत्री एवं मानसिक शांति कार्यशाला का आयोजन कर अनमोल जीवन को संवारने की नसीहत दी गई। मुख्य अतिथि डॉ.राहुल बोधी महाथेरो का प्रधानाचार्य मुकेश चंद आनंद ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि अनमोल जीवन को नशा और गंदी आदतों से बचाना चाहिए। वर्तमान समय में भले ही लोगों को भरपेट भोजन न मिले लेकिन नशा जरुर मिलनी चाहिए। नशे की लत में आकर जन मानस तरह-तरह की बुराइयों की ओर बढ़ जाता है जो विनाश का कारण साबित होता है। छुटकारा पाने के लिए समाज में अच्छे मित्र बनाना, मानसिक शांति के लिए धर्म का अनुसरण करना चाहिए। अच्छाई को चार भागों में बांटते हुए बताया कि सबसे पहले मैत्री इंसान को स्वयं से करना चाहिए उसके बाद अपने माता-पिता एवं गुरुओं से। अंत में छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना कर समापन कर दिया गया। बताते चलें कि डॉ.राहुल बोधि जी भारत सरकार के धर्म डेलीगेट के रूप में थाईलैंड, ब्रिटेन जैसे 40 से अधिक देशों में 6 वर्षों से भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस समय वह तीन दिन के धर्म संसद के व्याख्यान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रयागराज कुंभ आए हैं।