सुरियावां। ग्राम पंचायत सदस्यों के अधिकारों की मांग को लेकर अखिल भारतीय ग्राम पंचायत समिति का क्रमिक अनशन दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। अनशन की अध्यक्षता करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबहादुर बिंद ने कहा कि सरकार ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसे वह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। समाजसेवी दिनेश कुमार यादव ने कहा कि पंचायत सदस्यों के साथ सरकार धोखा कर रही है। उनके अधिकारों की मांग को लेकर वह किसी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे। कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका क्रमिक अनशन जारी रहेगा। क्रमिक अनशन के बाद भी सरकार नहीं मानी तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। इस मौके पर शिवकुमार यादव, हूबलाललाल यादव, पंधारी, सरजू बिंद, अमरनाथ बिंद, बिहारीलाल, कपिल, शिवधनी, सुखदेव, रानू देवी, सोना देवी, अनुज कुमार, सूरज कुमार, धर्मदेव मिश्रा आदि मौजूद रहे।