ज्ञानपुर। मानसून सत्र में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर कालीन नगरी हरी-भरी बनाई जाएगी। इस बार जिले में करीब 14 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए वन विभाग की 18 नर्सरियों में 20 लाख पौधे तैयार किए गए हैं। वहीं, 27 विभागों को पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बार जुलाई में पूरे जिले में 13 लाख 95 हजार 60 पौधे लगाए जाएंगे। पिछले साल की अपेक्षा इस बार दस हजार अधिक पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसको लेकर वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। वन विभाग के तीन रेंज ज्ञानपुर, भदोही और औराई के अधीन 18 नर्सरियों में 25 प्रजातियों के करीब 20 लाख पौधे तैयार किए गए हैं। मानसून आने के 20 दिन बाद पौधरोपण का काम शुरू होगा। सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वन विभाग पौधे उपलब्ध कराएगा। ग्राम्य विकास विभाग को सबसे ज्यादा पांच लाख 31 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है। इसके बाद वन विभाग 3.50 लाख और कृषि विभाग 1.60 लाख पौधे लगाएगा।