ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा की प्रवेश परीक्षा का समापन शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ। 10 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 1324 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। नवोदय विद्यालय और प्रशासन की ओर से केंद्रों पर नामित मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक कई केंद्रों का निरीक्षण किया।
छठी से 12वीं कक्षा तक आवासीय शिक्षा के लिए संचालित नवोदय विद्यालय में पांचवीं के बाद प्रवेश लिया जाता है। शनिवार को जिले के 10 केंद्रों पर सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के एक घंटे पूर्व ही अभिभावक बच्चों को लेकर पहुंच गए। इससे केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल रहा। तय समय से शुरू हुई परीक्षा दोपहर डेढ़ बजे तक चली। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, दुर्गागंज इंटर कॉलेज, सेवाश्रम इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रों के आसपास सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे। नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर के प्रधानाचार्य सीएम सिंह ने बताया कि पंजीकृत 3222 छात्र-छात्राओं में 1898 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1324 अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि 80 सीटों के लिए 1898 छात्र-छात्राओं के बीच मुकाबला होगा। एक-एक सीट पर 23 अभ्यर्थियों में प्रतिस्पर्धा होगी। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से हुई।