ज्ञानपुर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मुंह की खाने के बाद जिले के भाजपाजनों में मायूसी आ गई। ज्ञानपुर नगर के पटेलनगर स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम के चुनाव नतीजों के बाद सन्नाटा पसर गया। दोपहर दो बजे के आसपास पार्टी के जिला कार्यालय पर अमर उजाला ने नजर दौड़ाई तो कार्यालय तो खुला था, लेकिन, वहां लगभग हर दिन दिखने वाली चहल-पहल नदारद थी। दूसरी ओर गोपीगंज स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय पर जश्न का माहौल रहा। वहां जिलाध्यक्ष नीलम मिश्रा की अगुवाई में कांग्रेसजनों ने मिठाइयां बांटीं और जीत का जश्न मनाया। ज्ञानपुर स्थित कैंप कार्यालय बंद कर कांग्रेसजन सड़कों पर जुलूस और मिठाइयां बांटते दिखे।