भदोही। उप्र मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के आह्वान पर बृहस्पतिवार को 13 सूत्री मांगों को लेकर भदोही तहसील में भी दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन हुआ। हड़ताल के चलते तहसील का कामकाज प्रभावित हुआ और बड़ी संख्या में फरियादियों को बैरंग लौटना पड़ा। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे तहसील कर्मी धनंजय पांडेय ने कहा कि लंबे अर्से से मांगें अनसुनी की जा रही हैं। समान कार्य समान वेतन के सिद्धांत की मांग करते हुए कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट को मिनी जनपद सचिवालय करने और उसी समान सबका वेतन भत्ता देने की मांग की। जनपदों में कार्यरत सहायक सीजनल वासिल वाकी नवीसों को जनपदों में रिक्त पदों में समायोजन की मांग, दारुलशफा लखनऊ में संघ कार्यालय के लिए कक्ष आवंटन समेत 13 सूत्री मांगपत्र सौंप कर धरना समाप्त किया गया। धरने में अनिल कुमार श्रीवास्तव, जमालुद्दीन, रामप्रताप, अशोक पांडेय, राजकुमार, बलंवत सिंह, शिवप्रकाश श्रीवास्तव, आशा देवी, संतोष कुमार आदि शामिल थे।