चौरी। राशन कार्ड की नई सूची में भी व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की गई है। गरीब वनवासी और दलितों के नाम सूची से गायब हैं, जबकि अमीर लोगों के नाम शामिल कर लिए गए हैं। सूची से नाम कटने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को वेमदनपुर सहकारी समिति पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी से सूची दुरुस्त कराने की मांग की गई। गरीबों को सस्ते दर पर राशन उपलब्ध कराने के लिए पूर्व में एपीएल, बीपीएल और अंत्योदय कार्ड जारी किए गए थे। इसको पारदर्शी बनाने के लिए बाद में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड बनाए गए। नई सूची में भी कोटेदार, ब्लॉक अधिकारी, सेक्रेटरी और लेखपाल ने मिलकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की है। आरोप है कि मुसहर, दलित बस्ती के वास्तविक पात्रों के नाम गायब कर दिए गए हैं, जबकि अमीर वर्ग के लोग सूूची में शामिल है। साधन सहकारी समिति वेदमनपुर पर चस्पा सूची से नाम गायब देखकर ग्रामीण भड़क गए और समिति पर जोरदार प्रदर्शन किया। चस्पा की गई सूची से अंत्योदय कार्डधारक जिसमें से अधिकांश मुसहर हैं, सभी के नाम गायब हैं। महिलाओं ने कहा कि हम मुसहरों का नाम काटकर बड़े लोगों का नाम अंकित कर दिया गया। अब मुसहरों से भी लोग गरीब हो गए हैं। इस मौके पर निर्मला, बदामा, फुलरी, सीना, दुर्गावती, कृष्णकांत दूबे, ओम प्रकाश यादव, दुर्गावती, मालती, मुलरा देवी, रेहाना, जुबैदा, शहनाज, उर्मिला देवी आदि रहीं।